सोनू की मां सरोज सूद टीचर थीं, जिनका निधन 10 साल पहले हो गया था। फरवरी 2016 में पिता शक्ति सूद का भी निधन हो चुका है।
सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ में छेदी सिंह का रोल कर फेमस हुए सोनू 44 साल के हो गए हैं। 30 जुलाई 1973 को मोगा (पंजाब) में जन्मे सोनू के बारे में कम ही लोग जानते हैं कि वे अपना बर्थडे सेलिब्रेट नहीं करते हैं। इसके पीछे इमोशनल वजह है, जो खुद सोनू ने एक इंटरव्यू के दौरान बताई थी। सोनू ने कहा था कि जब से उनकी मां का निधन हुआ है, उन्होंने तभी से अपना बर्थडे सेलिब्रेट करना छोड़ दिया था। हालांकि, फैमिली और क्लोज फ्रेंड्स के साथ क्वालिटी टाइम जरूर बिताते हैं। सोनू सूद की वाइफ का नाम सोनाली है। 25 सितंबर 1996 को उनकी शादी हुई थी। लेकिन आज भी सोनाली लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं। सोनू की मुलाकात सोनाली से तब हुई थी, जब वे नागपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों अलग-अलग फील्ड से हैं। सोनू जहां पंजाबी हैं, वहीं सोनाली तेलुगु हैं। एक बार सोनू ने कहा था कि सोनाली उनकी लाइफ में आने वाली पहली लड़की हैं। उनकी शादी को 22 साल होने जा रहे हैं। दोनों दो बेटों अयान और ईशांत के पेरेंट्स हैं। सोनू की दो बहनें भी हैं मोनिका और मालविका। इनमें से एक की शादी पंजाब में हुई, जबकि दूसरी विदेश में सेटल है।
सोनू ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1999 में तमिल फिल्म ‘कल्लाजहगर’ से की थी। 2002 में उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म ‘शहीद-ए-आजम’ रिलीज हुई, लेकिन उन्हें असली पहचान फिल्म ‘युवा’ से मिली। इसके बाद उन्होंने कहां हो तुम, शीशा, आशिक बनाया आपने, जोधा अकबर, एक विवाह ऐसा भी, दबंग, बुड्ढा होगा तेरा बाप, मैक्सिमम, रमैया वस्तावैया, आर…राजकुमार और हैप्पी न्यू ईयर जैसी कई फिल्मों में काम किया। जल्दी ही वे कंगना रनोट स्टारर ‘मणिकर्णिका’ में नजर आएंगे।