दिल्ली, 13 अगस्त को दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के 55वें जन्मदिवस के मौके पर दिल्ली के फ़िल्म डिवीज़न ऑडिटोरियम में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बोनी कपूर अपनी दोनों बेटियों जाह्नवी और ख़ुशी कपूर के साथ इस अवसर पर मौजूद रहे। तस्वीरों में आप देख सकते हैं पूरा परिवार इस मौके पर बेहद इमोशनल नज़र आया। इस साल 24 फरवरी को श्रीदेवी ने दुनिया से अलविदा कहा। जैसा कि आप जानते हैं वो अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए दुबई गई थीं। शादी के फंक्शन खत्म होने के बाद उनका परिवार मुंबई लौट आया, लेकिन श्रीदेवी वहीं रुक गईं। ‘दुर्भाग्यवश बाशटब में डूबने’ से उनकी मौत हो गई। श्रीदेवी का अंतिम संस्कार मुंबई में किया गया। बला की खूबसूरत और प्रतिभाशाली श्रीदेवी अपने अभिनय से भारतीय सिनेमा के आकाश पर एक ऐसी छटा बिखेर गयी हैं जिनकी रौशनी शायद ही कभी धुंधली पड़ सकेगी। श्रीदेवी को देश की पहली सुपरस्टार अभिनेत्री का दर्ज़ा हासिल है। ज़ाहिर है इसकी कई वजहें भी हैं। जैसे उन्होंने एक के बाद एक कई हिट्स दिए। हिंदी ही नहीं दक्षिण भारतीय फ़िल्मों में भी उन्होंने शानदार कीर्तिमान बनाये। उनकी फ़िल्में अकेले उनके दम पर टिकट खिड़की पर छाई रहती! बहरहाल, उनके जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोनी कपूर अपने आंसू नहीं रोक सके। बोनी कपूर ने कहा कि वो हर लम्हा श्रीदेवी को मिस करते हैं।